कोलकाता , फरवरी 28 -- पश्चिम बंगाल पुलिस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत शनिवार को अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद अपने शीर्ष अधिकारियों को सतर्क किया और राज्य के संवेदनशील जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती किया है।

शुक्रवार को जारी आधिकारिक निर्देशों के अनुसार, पुलिस महानिदेशक ने पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) के साथ परामर्श के बाद कई वरिष्ठ अधिकारियों को निर्दिष्ट जिलों में जाने और स्थानीय पुलिस इकाइयों तथा सुरक्षा बलों के साथ निकटता से समन्वय करने का निर्देश दिया है।

सभी संबंधित अधिकारियों को शनिवार दोपहर दो बजे तक अपने-अपने तैनाती स्थलों पर रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। सभी वरिष्ठ अधिकारियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गयी है। तैनाती योजना के अनुसार, उग्रवाद विरोधी बल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अजय नंदा को मालदा की स्थिति की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है।

उग्रवाद विरोधी बल (सीएआईएफ) के कर्मियों और मालदा जिला पुलिस के अधिकारी उनकी सहायता करेंगे। विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की जिम्मेदारियां संभालने वाले अजय नंदा घटनाक्रमों की निगरानी करेंगे और किसी भी गड़बड़ी पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। यातायात पुलिस महानिरीक्षक गौरव शर्मा को कृष्णानगर पुलिस जिले और उसके मुख्यालय का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें एसटीएफ कर्मियों और स्थानीय पुलिस अधिकारी का सहयोग मिलेगा।

इस बीच मुख्यालय के पुलिस उपमहानिरीक्षक रशीद मुनीर खान को मुर्शिदाबाद पुलिस जिले और जंगीपुर पुलिस जिले की निगरानी का काम सौंपा गया है। इसका मुख्यालय बहरामपुर में होगा। त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के दो सेक्टर और स्थानीय अधिकारी उनकी सहायता करेंगे। उत्तर बंगाल में तटीय सुरक्षा के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार यादव को कूचबिहार में सतर्कता बनाये रखने की जिम्मेदारी दी गयी है। इसमें आरएएफ इकाइयों और स्थानीय पुलिस का सहयोग रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित