कोलकाता , मार्च 20 -- इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह वाम मोर्चा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बनी सहमति के बाद पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

आईएसएफ ने संकेत दिया कि वह चार अतिरिक्त निर्वाचन क्षेत्रों में भी उम्मीदवार उतार सकती है, जहाँ वाम दलों ने पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

आईएसएफ के अध्यक्ष नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि यह समझौता मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मुख्यालय मुजफ्फर अहमद भवन में वाम नेताओं के साथ कई दौर की चर्चाओं और पत्रों के आदान-प्रदान के बाद हुआ। निर्वाचन क्षेत्रों की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा, "हम आखिरकार कई सीटों पर वाम दलों के साथ आम सहमति बनाने में सफल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस दोनों को हराने के लिए हमने हर संभव बलिदान दिया है।"आईएसएफ नेताओं के अनुसार पार्टी मालदा की दो सीटों मोथाबाड़ी और सुजापुर और मुर्शिदाबाद की तीन सीटों समशेरगंज, रघुनाथगंज और हरिहरपाड़ा पर चुनाव लड़ेगी। नादिया में, वह नकाशिपारा में अपना उम्मीदवार उतारेगी।

उत्तर 24-परगना ज़िले में आईएसएफ अशोकनगर, अमदंगा, मध्यमग्राम, देगंगा, हारोआ, मीनाखान, बसीरहाट उत्तर और बडुरिया से चुनाव लड़ेगी। दक्षिण 24-परगना में पार्टी ने बसंती, कुलपी, मंदिरबाज़ार, कैनिंग पश्चिम, कैनिंग पूर्व, मगराहाट पश्चिम और भांगर में अपने उम्मीदवार को उतारेगी। पार्टी हावड़ा में उलुबेरिया पूर्व और जगतबल्लभपुर; हुगली में हरिपाल और खानाकुल, पूर्वी मिदनापुर में महिषादल, पश्चिमी मिदनापुर में सालबोनी, पश्चिमी बर्दवान में बाराबनी और बीरभूम में बोलपुर से भी चुनाव लड़ेगी। इस तरह वामपंथियों के साथ तय हुई कुल सीटों की संख्या 29 हो गई है।

आईएसएफ के कार्यकारी अध्यक्ष शमसुर अली मलिक ने कहा कि उम्मीदवार पार्टी के "लिफाफा" चुनाव चिह्न के तहत चुनाव लड़ेंगे। हालाँकि, इस घोषणा से चार निर्वाचन क्षेत्रों पांसकुरा पश्चिम, नंदीग्राम, भगवानगोला और मुरारई को लेकर नयी अनिश्चितता भी पैदा हो गई है, जहाँ वाम मोर्चा पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुका है। आईएसएफ ने साफ तौर पर कहा दिया है कि वह इन सीटों पर भी अपने उम्मीदवार उतारने का इरादा रखती है और उसने वामपंथियों से इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

श्री सिद्दीकी ने कहा, "हमने चिट्ठियों और ईमेल के ज़रिए वामपंथी नेतृत्व को बता दिया है कि हम इन चार सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। हम उनसे गुज़ारिश करते हैं कि वे वहाँ अपने उम्मीदवार न उतारें।" यह बात खास तौर पर नंदीग्राम में अहम है, जहाँ कई पार्टियों के बीच मुकाबला होने की उम्मीद है। मौजूदा विधायक सुवेंदु अधिकारी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने श्री पवित्र कर को मैदान में उतारा है। वाम मोर्चा ने इस सीट से पहले ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) उम्मीदवार शांति गिरी को नामित कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित