कोलकाता , अक्टूबर 09 -- उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी की नागराकाटा पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमला करने के मामले में गुरुवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया, जिससे इन मामलों में गिरफ्तार किये गये लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गयी है।

रात में तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों सहानूर आलम और टोफेन हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर नागराकाटा ब्लॉक के बामनडांगा में भाजपा नेताओं पर हमला करने का आरोप है, जब वे छह अक्टूबर को बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित कर रहे थे।

हाल ही में इस क्षेत्र में बाढ़ आयी थी और दो साल के एक बच्चे सहित पांच लोग सोते समय बहकर डूब गये थे।

इससे पहले कल पुलिस ने पहले दो गिरफ्तारियां की, जिनकी पहचान अकरमुल हक और गोविंद शर्मा के रूप में हुई। इन गिरफ्तारियों में से अलीपुरद्वार जिले के अंतर्गत भूटान की सीमा से लगे जयगांव में भी एक गिरफ्तारी शामिल है।

यह हालांकि तुरंत पता नहीं चल पाया है कि गिरफ्तार किये गये सभी चार लोगों के नाम प्राथमिकी में हैं या नहीं, जिसमें कथित तौर पर आठ आरोपी शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि हिंसक भीड़ ने बिना किसी उकसावे के भाजपा नेताओं पर उस समय हमला कर दिया, जब वे बामोनडांगा के फंसे हुए निवासियों को आवश्यक किट और राशन वितरित कर रहे थे। हमलावरों ने कथित तौर पर भाजपा नेताओं को ईंट-पत्थरों और लाठियों से मारा और एक कार में धकेल दिया, जिसमें बाद में तोड़फोड़ की गयी।

इससे विंडशील्ड का टूटा हुआ शीशा खगेन मुर्मू के चेहरे पर लगा और उन्हें गंभीर चोटें आयीं। उनके बायें गाल की हड्डी टूट गयी और घाव भरने के लिए उन्हें टांके लगाने पड़े।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि मालदा उत्तर लोकसभा क्षेत्र से सांसद की चोटों को ठीक होने में कुछ और सप्ताह लगेंगे। मंत्री ने कल सिलीगुड़ी अस्पताल का दौरा किया था।

सूत्रों ने बताया कि सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। श्री घोष सिलीगुड़ी विधानसभा में भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक भी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित