कोलकाता , जनवरी 14 -- निपाह वायरस से संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए दो लोगों को निगरानी के लिए कोलकाता में बेलेघाटा के संक्रामक रोग (आईडी) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ितों में से एक नर्स है और दूसरा डॉक्टर है। दोनों फिलहाल अस्पताल में चिकित्सा निगरानी में हैं और जांच के लिए उनके लार के नमूने लिए गये हैं।
इस बीच, निपाह वायरस से संक्रमित दो नर्सों का इलाज नॉर्थ 24 परगना के बारासात के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। उनकी हालत गंभीर है, और दोनों वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। निपाह संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ने पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने संक्रमित नर्सों द्वारा देखी गई जगहों और उनके संपर्क में आये लोगों की पहचान करने के लिए सम्पर्क की जांच शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के जरिए, एक नर्स और एक डॉक्टर को हाई-रिस्क कॉन्टैक्ट के तौर पर चिह्नित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार संक्रमित मरीज़ों के संपर्क में आई नर्स को बर्दवान से बेलेघाटा आईडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दक्षिण 24 परगना के रहने वाले डॉक्टर होम आइसोलेशन में थे, लेकिन तबीयत खराब होने पर एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों आईडी अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में हैं। सूत्रों ने बताया कि दोनों संक्रमित नर्सें कुछ दिन पहले बर्दवान गयी थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित