आसनसोल , अप्रैल 09 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार की कडी आलोचना करते हुए कहा कि चार मई काे विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद राज्य में एक ''नए युग'' की शुरुआत होगी।
श्री मोदी ने यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''चार मई के बाद बंगाल में एक नया अध्याय शुरू होगा। तृणमूल कांग्रेस मुक्त बंगाल विकास की एक नयी दिशा दिखाएगा।'' उन्होंने सत्तारुढ़ पार्टी पर ''माफिया राज'' को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए इस इलाके में कोयला और रेत माफिया के कथित दबदबे को उजागर किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के राज में कोयला और रेत माफिया लोगों पर बोझ बन गए हैं। जबकि पूरे देश में विकास दिख रहा है लेकिन बंगाल इस 'माफिया सिस्टम'के कारण पिछड़ रहा है।
श्री मोदी ने हाल ही में मालदा कालियाचक में हुई घटना का ज़िक्र करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस आने वाली हार को देखकर घबरा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह पार्टी अपना दिमागी संतुलन खो चुकी है। मालदा में, उन्होंने डर के मारे बहुत बड़ी गलती की। यह घटना उनके जंगल राज के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।
प्रधानमंत्री ने केन्द्रीय बलों के खिलाफ कथित हमलों और टिप्पणियों की भी आलोचना करते हुए कहा, ''तृणमूल कांग्रेस इतनी डरी हुई है कि वह देश के सुरक्षा बलों का गलत इस्तेमाल कर रही है। बंगाल के देशभक्त लोग अपने वोटों से इसका जवाब देंगे।'' उन्होंने वाम मोर्चे के पतन से तुलना करते हुए कहा कि जैसे लोगों ने माकपा को सत्ता से हटाया था, वैसे ही वे अब तृणमूल कांग्रेस को भी हटा देंगे। उन्होंने दूसरे राज्यों में भाजपा शासन के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता अब वादों से ज़्यादा प्रदर्शन को आंकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित