कोलकाता , फरवरी 10 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में कथित कोयला तस्करी से जुड़ी जांच में मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया।
आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि गिरफ्तार किये गये लोगों का नाम चिन्मय मंडल और किरण खान है। दोनों को मामले के संबंध में पूछताछ के लिए कोलकाता के सीजीओ भवन तलब किया गया था। सूत्रों ने बताया कि जब अधिकारी पूछताछ के दौरान उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं हुए तो दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
दोनों आरोपी पश्चिमी बर्दवान जिले के रहने वाले हैं और एक-दूसरे से संबंधित हैं। चिन्मय जहां दुर्गापुर से है, वहीं किरण रानीगंज के बक्तारनगर से है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों कोयला व्यापार से जुड़े हुए हैं और आसनसोल-रानीगंज कोयला बेल्ट पर इनका खासा प्रभाव है।
इससे पूर्व ईडी ने इस जांच के संबंध में इसी महीने केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के साथ मिलकर कोलकाता, दुर्गापुर और आसनसोल में कई ठिकानों पर छानबीन की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित