इटावा , मार्च 27 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच दावा किया है कि पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनाव के बाद पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इटावा स्थित केदारेश्वर महादेव मंदिर में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण पेट्रोलियम पदार्थों पर संकट गहराता जा रहा है। उनका कहना था कि चुनाव समाप्त होने के बाद इसका सीधा असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ सकता है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भारत इस संकट में मध्यस्थ की भूमिका निभाकर महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

प्रो. यादव ने कहा कि मिडिल ईस्ट से बड़ी मात्रा में ऊर्जा आपूर्ति होती है और यदि वहां संकट गहराता है तो इसका वैश्विक असर पड़ेगा। उन्होंने लोगों को संभावित कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार रहने की भी बात कही। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने चुनावी चंदे और सरकारी नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनावों के दौरान पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखा जाता है।

इससे पूर्व उन्होंने केदारेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश में शांति और संकट से मुक्ति की कामना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित