चेन्नई , फरवरी 19 -- बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र (एलपीए) श्रीलंका की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि अगले 24 घंटों में इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है जिसके प्रभाव से 21 और 22 फरवरी को दक्षिणी जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ताजा अपडेट में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोयंबटूर जिले में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई है और तमिलनाडु, पुडुचेरी तथा कराईकल के शेष हिस्सों में शुष्क मौसम बना रहा। इस अवधि में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया कि भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कल बना निम्न दबाव क्षेत्र गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक उसी क्षेत्र में बना रहा। इससे जुड़ा ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर तक फैला हुआ है। यह पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में श्रीलंका की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में कमजोर पड़ सकता है।
इसके अलावा, भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक और ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर तक फैला है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में उसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जो बाद में पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में कुछ स्थानों पर 20 फरवरी को हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 21 फरवरी को कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, तेनकासी, विरुधुनगर और थेनी जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है, जहां येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसमें कहा गया है कि 22 फरवरी को डिंडीगुल, मदुरै और थेनी जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है और यहां भी येलो अलर्ट लागू रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित