दरभंगा, फरवरी 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने गुरूवार को कहा कि पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है।

श्री हुसैन ने स्थानीय परिषदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता परिवर्तन के मूड में है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के शासनकाल में राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है, जिससे जनता में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को संवैधानिक संस्थाओं पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होनें कहा कि इस बार बंगाल की जनता परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार है।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की बदहाली और विकास कार्यों की उपेक्षा से लोग बेहद त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जब बंगाल की जनता को नहीं मिल पाया, तो लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। भाजपा इस चुनाव में सुशासन, विकास, रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के समर्थन से इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और राज्य में एक स्थिर, विकासोन्मुखी सरकार बनेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित