ढाका , फरवरी 12 -- बंगलादेश में गुरुवार सुबह शुरू हुआ मतदान समाप्त हो गया है और मतों की गिनती आधिकारिक रूप से शुरू हो गयी।

तारिक रहमान की बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और पुनरुत्थान कर रही जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। मतदान केंद्रों के द्वार शाम 4.30 बजे बंद कर दिये गये।

अधिकारियों ने बताया कि अंतिम मतदान प्रतिशत की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन मतगणना शुरू कर दी गयी है। दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रतिशत करीब 48 प्रतिशत दर्ज किया गया था। करीब 17.3 करोड़ आबादी वाले बंगलादेश में लगभग 12.7 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें करीब 50 लाख पहली बार मतदान करने वाले मतदाता शामिल हैं।

कुल आबादी का लगभग 44 प्रतिशत, यानी करीब 5.6 करोड़ लोग 18 से 37 वर्ष आयु वर्ग के हैं। चुनाव नियमों के अनुसार, समय सीमा से पहले मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश कर चुके मतदाताओं को मतदान की अनुमति दी गयी।

मतदान पूर्व सर्वेक्षणों में बीएनपी नेता तारिक रहमान को प्रधानमंत्री पद का प्रमुख दावेदार बताया गया है। विश्लेषकों के अनुसार, जमात प्रमुख शफीकुर रहमान के नेतृत्व वाला गठबंधन उलटफेर करने की क्षमता रखता है। इसमें 2024 के आंदोलन से उभरे छात्र नेताओं द्वारा गठित नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) भी शामिल है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए देशभर में लगभग 10 लाख पुलिसकर्मी और सैनिक तैनात किये गये थे। तारिक रहमान ने "अनियमितताओं" की खबरों के बीच समय पर नतीजे घोषित करने की मांग की, जबकि जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ने देश के विभिन्न हिस्सों में फर्जी मतदान के प्रयासों का आरोप लगाया।

जमात नेता ने फेसबुक पोस्ट में कहा "कई स्थानों पर पोलिंग एजेंटों पर हमला किया गया और उन्हें घायल किया गया। महिलाओं को भी परेशान किया जा रहा है।"उन्होंने कुछ इलाकों में मतदान केंद्रों पर कब्जे की कोशिशों का भी आरोप लगाया। चुनाव आयोग सचिव ने बताया कि तीन निर्वाचन क्षेत्रों के करीब 100 मतदान केंद्रों में मतदान निलंबित करने की जमात की मांग की समीक्षा की जा रही है।

मतदान समाप्त होने के बाद बंगलादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने कहा "मतदाताओं की स्वस्फूर्त भागीदारी, राजनीतिक दलों का जिम्मेदार व्यवहार, उम्मीदवारों का संयम और सभी संस्थानों की पेशेवर कार्यशैली ने सामूहिक रूप से लोकतंत्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाया है।"पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने एक बयान में चुनाव को "सुनियोजित तमाशा" करार देते हुए कहा कि इसका आयोजन श्री यूनुस द्वारा किया गया, जिन पर उन्होंने अवैध तरीके से सत्ता हथियाने का आरोप लगाया।

मतदान समाप्त होने के बाद, पीठासीन अधिकारियों ने मतदान एजेंटों की उपस्थिति में मतपेटियों को सील किया और अलग से अप्रयुक्त मतपत्रों का रिकार्ड बनाया। अस्पष्ट निशान या एक से अधिक मुहर वाले मतपत्रों को नियमों के तहत अमान्य घोषित किया जा सकता है। प्रारंभिक नतीजों के शुक्रवार देर शाम तक आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित