विशाखापत्तनम , फरवरी 02 -- केंद्र और आंध्र प्रदेश सरकार के लगातार राजनयिक प्रयासों के बाद विजयनगरम जिले के नौ मछुआरों को बंगलादेश नौसेना ने रिहा कर दिया है। रविवार को मछुआरों के विशाखापत्तनम पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

गौरतलब है कि मछुआरे अक्टूबर 2025 में मछली पकड़ते-पकड़ते बंगलादेश के समुद्री क्षेत्र में घुस गए, जिसके बाद उन्हें बंगलादेश की नौसेना ने हिरासत में ले लिया। उनकी हिरासत से परिवार में लगभग तीन महीने तक चिंता और अनिश्चितता का माहौल बना रहा। आंध्र प्रदेश सरकार ने तुरंत इस मामले को केंद्र सरकार के सामने उठाया।

राज्य के मत्स्य मंत्री के अचन्नायडू ने नाव पंजीकरण संख्या और व्यक्तिगत जानकारी सहित मछुआरों का विवरण विदेश मंत्रालय को भेजा। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने भी गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मछुआरों की रिहाई के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित