नवी मुंबई , अक्टूबर 20 -- शोरणा अख्तर (तीन विकेट) और राबेया खान (दो विकेट) की अगुवाई में बंगलादेश के गेंदबाजों ने सोमवार को महिला विश्वकप के 21वें मुकाबले में श्रीलंका को 202 के स्कोर पर समेट दिया। आज यहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ही ओवर की पहली ही गेंद पर विश्मी गुणारत्ने का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी हसिना परेरा ने कप्तान चामरी अटापट्टू के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में राबेया खान ने चामरी अटापट्टू (46) को पगबाधा कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद बंगलादेशी गेंदबाजी आक्रमण के आगे श्रीलंका के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। हसिना पपेरा ने श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 85 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 99 गेंदो का सामना किया और 13 चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा नीलाक्षी डिसिल्वा ने 38 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए 37 रन बनाये। इन दोनों बल्लेबाजों को शोरणा अख्तर ने आउट किया। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। बंगलादेशी गेंदबाजों ने श्रीलंका को 48.4 ओवरों में 202 के स्कोर पर समेट दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित