ढाका , जनवरी 27 -- बंगलादेश चुनाव आयोग ने सभी पार्टियों से 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनावों और जुलाई चार्टर जनमत संग्रह से पहले निष्पक्षता और तटस्थता बनाए रखने का आग्रह किया है।
आयोग ने मंगलवार को एक पत्र में मतदान केंद्रों और चुनावी क्षेत्रों की निगरानी करने वाले पर्यवेक्षकों के लिए नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक उसने दोनों चुनावों के लिए 55,454 पर्यवेक्षकों को मान्यता दी है। ये निर्देश ऐसे समय आए हैं जब आयोग देश के लिए बेहद अशांत समय में वैश्विक निगरानी में होने वाले इस अत्यधिक विवादास्पद चुनाव के दौरान एक नियंत्रित और विश्वसनीय निगरानी माहौल सुनिश्चित करना चाहता है। इसमें स्थानीय और विदेशी पर्यवेक्षकों के लिए 11 निर्देशों भी जारी किये गये हैं।
डेली स्टार की रिपोर्ट में बताया गया है कि पर्यवेक्षकों को निर्देशों के तहत ड्यूटी पर रहते समय हर वक्त अपना आधिकारिक पहचान पत्र दिखाना होगा। उनसे उम्मीद की जाती है कि वे मतदाताओं के अधिकारों का ध्यान रखें और यह सुनिश्चित करें कि उनकी उपस्थिति से चुनाव अधिकारियों के काम में कोई बाधा न आए। चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह का हस्तक्षेप स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित है।
मतदान केंद्रों के भीतर सभी पर्यवेक्षकों को मतदान की निगरानी के लिए निर्धारित क्षेत्रों में थोड़ी देर रहने की अनुमति है बशर्ते वे कार्यवाही में बाधा न डालें। चुनाव आयोग ने यह स्पष्ट कर दिया कि पर्यवेक्षक को किसी भी परिस्थिति में गुप्त मतदान बूथ में प्रवेश करने की सख्त मनाही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित