नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- बंगलादेश में नयी सरकार के गठन के बाद द्विपक्षीय संबंधों को लेकर चल रहे तमाम कयासों के बीच भारत ने स्पष्ट किया है कि वह बंगलादेश में नयी सरकार के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर बात करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में सवालाें के जवाब में कहा कि भारत बंगलादेश में नयी सरकार के साथ बातचीत शुरू करने और सहयोग आगे बढाने का इच्छुक है। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों के मजबूत होने के प्रति उम्मीद जतायी।
उन्होंने कहा कि भारत दोनों देशों के बीच गर्मजोशी वाले और ऐतिहासिक संबंधों को आधार बनाते हुए बांग्लादेश के साथ बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने की उम्मीद करता है।
प्रवक्ता ने कहा, " हम नई सरकार के साथ सक्रिय संवाद स्थापित कर सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं। नई सरकार के साथ हमारे संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।"उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बंगलादेश में नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से बंगलादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को एक पत्र भी सौंपा।
उल्लेखनीय है कि बंगलादेश में पिछले वर्ष तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपदस्थ किये जाने के बाद अंतरिम सरकार के कार्यकाल में भारत और बंगलादेश के संबंधों में खटास आयी हुई है। अब नयी सरकार के शासन में भारत और बंगलादेश के संबंधों के सामान्य होने के संबंध में अलग-अलग कयास लगाये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित