पेरिस , फरवरी 18 -- फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारोट ने गुरुवार को मानवीय मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव टॉम फ्लेचर से बात की और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून एवं नागरिकों की सुरक्षा के प्रति फ्रांस की प्रतिबद्धता को दोहराया।

श्री बारोट ने फ्रांसीसी गैर-सरकारी संगठनों, मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) और रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने मानवीय कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर जोर दिया और दुनिया भर में सहायता कार्यों के लिए उनकी सुरक्षित एवं निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।

दोनों अधिकारियों ने प्रमुख वैश्विक मानवीय संकटों पर चर्चा की और संघर्ष क्षेत्रों में लोगों की सहायता के लिए सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की। श्री बारोट ने संयुक्त राष्ट्र की मानवीय प्रणाली के चल रहे सुधारों के लिए फ्रांस के समर्थन की भी पुष्टि की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित