गोरखपुर , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में होली की रात फॉर्च्यूनर वाहन से एमबीबीएस छात्र समेत दो लोगों को कुचलने के मामले में गिरफ्तार आरोपी गोल्डेन साहनी का प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद से कथित रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में आरोपी पुलिस कस्टडी में भी बेफिक्र अंदाज में चलता दिखाई दे रहा है। वीडियो में दो पुलिसकर्मी उसे पकड़े हुए हैं, जबकि वह जींस की दोनों जेबों में हाथ डाले स्टाइल में चलता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर गोल्डेन साहनी की मंत्री संजय निषाद के साथ कई रील और एक तस्वीर भी वायरल हो रही है। तस्वीर के कैप्शन में उसने मंत्री को अपना "फूफा" बताया है। वह खुद को पिपरौली क्षेत्र का भावी ब्लॉक प्रमुख भी बताता रहा है। इस घटना के बाद लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आरोपी का मंत्री से वास्तविक संबंध क्या है।
गौरतलब है कि होली की रात करीब 10 बजे मोहद्दीपुर‑कौवाबाग ओवरब्रिज पर फॉर्च्यूनर चला रहे गोल्डेन साहनी ने कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस दौरान स्कूटी सवार एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय और उमेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आकाश पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश शर्मा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि घटना के समय वह काले रंग की शर्ट और जींस पहने हुए था, जबकि अगले दिन अदालत में पेशी के दौरान वह सफेद शर्ट में नजर आया। इस मामले में आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर मंत्री को अपना रिश्तेदार बताने को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित