बड़वानी , अप्रैल 5 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के पानसेमल क्षेत्र अंतर्गत वालझिरी पंचायत के टाकली गांव के एक हिस्से में भूजल प्रदूषण और जल संकट की स्थिति सामने आने पर प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार एक फर्टिलाइजर फैक्ट्री के आसपास स्थित कई कुएं और बोरवेल का पानी दूषित हो गया है। इससे जहां फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं पेयजल का भी गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी काजल जावला के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम कार्यपालन यंत्री आरएस बामनिया के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि समीप स्थित खाद फैक्ट्री से रासायनिक कचरे का रिसाव हो रहा है, जिससे जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने पानी के नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। पानसेमल के एसडीएम रमेश सिसोदिया ने बताया कि इस प्रकार की शिकायतें पूर्व में भी प्राप्त हुई थीं, जिन पर फैक्ट्री संचालकों को चेतावनी दी गई थी तथा उनके विरुद्ध प्रकरण भी दर्ज किया गया था।
इधर फैक्ट्री संचालक रवींद्र चौधरी ने कहा कि वे शीघ्र ही रासायनिक कचरे को हटाने की कार्रवाई करेंगे। उनका कहना है कि कृषि विभाग द्वारा नियमों का हवाला देते हुए कचरा हटाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण यह स्थिति बनी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित