प्रयागराज , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित कमला नेहरू मेमोरियल हॉस्पिटल ने फेफड़ों के कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए एक पोर्टेबल एआई डिवाइस विकसित करने में सफलता हासिल की है। नेशनल कैंसर ग्रिड के प्रमुख सदस्य इस अस्पताल ने आईआईटी कानपुर की स्टार्टअप लेनेक टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर यह हैंडहेल्ड डिवाइस तैयार किया है। यह डिवाइस एंड-टू-एंड एआई आधारित स्क्रीनिंग प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है और प्रारंभिक स्तर पर कैंसर का तेज व सटीक निदान संभव बनाता है। हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित इंटरनेशनल एआई इम्पैक्ट समिट में इसे प्रदर्शित किया गया, जहां इंडिया एआई-एनसीजी कैच ग्रांट चैलेंज 2026 के तहत इसे सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट से सम्मानित किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह तकनीक विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जहां उन्नत चिकित्सा सुविधाओं की कमी है। इसका पोर्टेबल और किफायती डिजाइन इसे विभिन्न स्थानों पर आसानी से उपयोग योग्य बनाता है, जिससे समय पर जांच और उपचार संभव हो सकेगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह नवाचार भारत में कैंसर जांच प्रणाली को सशक्त करेगा और बेहतर डायग्नोस्टिक सेवाएं आम लोगों तक पहुंचाने में सहायक बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित