मथुरा , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना का खुलासा करते हुए राया थाना पुलिस ने अपनी फुफेरी बहन की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने के आरोप में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लव (22) पुत्र जगदीश पिछले करीब एक महीने से फरार चल रहा था। उसे शनिवार को साथिनी बंबा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।

घटना 31 जनवरी 2026 की बताई गई है। आरोप है कि लव की फुफेरी बहन अपने ननिहाल हर्दपुर गांव में रह रही थी। किसी रंजिश या विवाद के चलते आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया। मृतका के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी साथिनी बंबा पुलिया के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल उमेश कुमार एवं हेड कांस्टेबल संदीप कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य संभावित तथ्यों का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित