फिरोजाबाद , जनवरी 14 -- फिरोजाबाद जनपद के विकास खंड एका में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए लेखपाल रविंद्र सिंह के मामले में विजिलेंस ने जांच का दायरा और तेज कर दिया है। सतर्कता विभाग की टीम ने बुधवार को तहसील जसराना पहुंचकर संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की और कई कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके साथ ही रिश्वत लेनदेन से जुड़े घटनास्थल बांके बिहारी गार्डन गेस्ट हाउस एका का भी निरीक्षण किया, जहां स्थानीय लोगों से आवश्यक जानकारी जुटाई।
गौरतलब है कि शनिवार शाम राजपुर निवासी एक किसान से दस हजार रुपये की रिश्वत लेते समय लेखपाल रविंद्र सिंह को सतर्कता टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। आरोप है कि लेखपाल सरकारी कार्यों के निस्तारण के बदले किसान से अवैध रूप से धन की मांग कर रहा था।
जांच टीम ने बताया कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह द्वारा साक्ष्य संकलन का कार्य लगातार जारी है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि लेखपाल ने बांके बिहारी गार्डन गेस्ट हाउस को दलाली एवं लेनदेन का अड्डा बना रखा था।
सतर्कता अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में तहसील से लेकर घटनास्थल तक जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित