फिरोजाबाद , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में युवक की मौत से शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम ख्यालीराम झपारा निवासी शिवकुमार (30) जेएस यूनिवर्सिटी में एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था, गुरुवार दोपहर परीक्षा देने के लिए बाइक से शिकोहाबाद जा रहा था। एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर पट्टी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस व परिजनों को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक के चाचा के पुत्र की गुरुवार को ही बारात जानी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। ढोलक और मंगल गीतों के बीच आई इस दुखद खबर से पूरा परिवार सदमे में आ गया और घर में चीख-पुकार मच गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित