फिरोजाबाद , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में आलू किसान की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एटा जिले के अवागढ़ क्षेत्र निवासी किसान रनवीर सिंह (35) अपने लोडर वाहन में आलू भरकर फिरोजाबाद मंडी ले जा रहे थे। इसी दौरान शाहपुर रोड पर उनके लोडर का पहिया पंचर हो गया।

रनवीर सिंह पहिया ठीक करने के लिए वाहन के नीचे लेटकर काम कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आई टाटा मैजिक ने उन्हें कुचल दिया। दुर्घटना में उनका सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टाटा मैजिक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित