फिरोजाबाद , जनवरी 30 -- फिराेजाबाद के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मायका पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नगला धर्मी निवासी नीतू (37) पत्नी वीरपाल यादव का शव गांव के बाहर सड़क किनारे आशाराम के खेत में पेड़ से लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की।
मृतका का मायका जनपद एटा के खेड़ा गांव में है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार मृतका का पति मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी बताया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार शाम पति-पत्नी के बीच शराब को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित