फिरोजाबाद , अप्रैल 16 -- फिरोजाबाद की साइबर थाना पुलिस ने फेसबुक के माध्यम से फर्जी लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि साइबर क्राइम सेल और साइबर थाना टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अवधेश कुमार, सनीवेश अवस्थी और कुनाल उपाध्याय के रूप में हुई है, जो फिरोजाबाद के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपी फेसबुक पर 'धनी फाइनेंस' के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को पांच लाख रुपये तक का लोन दिलाने का झूठा दावा करते थे। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस और रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर पीड़ितों से क्यूआर कोड के जरिए धनराशि जमा कराते थे। जमा कराए गए पैसे आरोपियों द्वारा एटीएम और बैंक खातों के माध्यम से निकालकर आपस में बांट लिए जाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के पैसों से खरीदी गई एक हुंडई वरना कार, एक बुलेट रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 10 एटीएम कार्ड तथा करीब 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और इसके नेटवर्क के संबंध में आगे जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित