फिरोजाबाद , जनवरी 02 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
मृतका के पिता ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। ससुरालीजन शव को छोड़कर फरार हो गए है।
पुलिस ने बताया कि जसराना के गांव खड़ीत निवासी अवनीश कुमार की पत्नी भावना का शव आज सुबह कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। विवाहिता की मौत की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौत की सूचना मांयका पक्ष को दी गई। इसी दौरान ससुराल के सभी लोग मौके से शव छोडकर फरार हो गए।
मृतका के पिता हरिओम निवासी थाना ओरछा जनपद मैनपुरी ने ने पुलिस में शिकायत की है कि उन्होंने पुत्री की शादी तीन वर्ष पूर्व की थी, तभी से ससुराल के लोग दहेज को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे। उनकी पुत्री की ससुराल के लोगों द्वारा दहेज को लेकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित मामले में कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित