फिरोजाबाद , मार्च 15 -- फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में स्थित एक कागज मिल में रविवार को काम के दौरान एक मजदूर की मशीन के रोलर की चपेट में आकर मृत्यु हो गयी। पुलिस ने बताया कि मैनपुरी मार्ग स्थित कागज मिल में कार्य करते समय मजदूर अमन मशीन के रोलर में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूर उसे पहले एक निजी आघात उपचार केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अमन (23) मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र का निवासी था। वह लगभग छह दिन पहले ही शिकोहाबाद की इस कागज मिल में काम पर लगा था। अमन अपने पिता की इकलौती संतान था और रोजी-रोटी की तलाश में शिकोहाबाद आया था, लेकिन हादसे में उसकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित