फिरोजाबाद , अक्टूबर 31 -- फिरोजाबाद जिले के थाना फरिहा क्षेत्र के तहत शुक्रवार को ससुराल पहुंचे युवक का पत्नी से विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। विवाद में महिला को ब्लेड से हमला कर लहूलुहान कर दिया,वहीं चाकू के हमले में पति का भी गला कट गया है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव अमोदा में आगरा जिले के निवासी देवेंद्र कुमार शुक्रवार को अपनी ससुराल पत्नी कृष्णा को लेने के लिए पहुंचे थे लेकिन किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बढ़ गया और देवेंद्र ने पत्नी पर ब्लेड से हमला कर लहुलुहान कर दिया। इस दौरान देवेंद्र का भी चाकू के हमले से गला कट गया। परिजनो ने दोनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। देवेंद्र का कहना है कि उस पर चाकू से हमला ससुराल के लोगों ने किया जबकि ससुराली जनों को कहना है कि पहले देवेंद्र ने पत्नी पर हमला किया फिर उसने खुद ही चाकू से अपना गला काट लिया है। पुलिस द्वारा संबंधित मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित