फिरोजाबाद , मार्च 16 -- फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में सोमवार को चाय-नाश्ते की दुकान में सो रहे दुकानदार की सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आगरा रोड हाईवे पर जरौली चौराहे के पास रत्ना सागर होटल के समीप नगला उलाऊ निवासी तेजपाल सिंह (45) ने लगभग एक सप्ताह पहले चाय-नाश्ते की दुकान शुरू की थी। वह रात में घर से खाना खाकर दुकान पर ही सो जाया करते थे। रविवार रात करीब नौ बजे भी वह घर से खाना खाकर दुकान पर सोने आए थे। सोमवार सुबह उनका पुत्र कौशल जब दुकान पर पहुंचा तो उसने पिता को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए रवि शंकर प्रसाद और क्षेत्राधिकारी अरुण चौरसिया फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित