फिरोजाबाद , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में अवैध खनन में लिप्त एक डंपर चालक द्वारा पुलिस बैरियर तोड़कर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि थाना लाइन पार क्षेत्र में शुक्रवार तड़के यमुना क्षेत्र से अवैध रूप से बालू लादकर आ रहा एक डंपर पुलिस बैरियर तोड़ते हुए मौके से फरार हो गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद प्रशासन में हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी रोमित आर्य के नेतृत्व में पुलिस ने फुटेज के आधार पर चालक की पहचान कर ली है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों की जान को खतरे में डालने और अवैध खनन से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध खनन की गतिविधियां लगातार सामने आती रही हैं, जिनके वीडियो भी समय-समय पर वायरल होते रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित