फिरोजाबाद , फरवरी 06 -- फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र स्थित नगला नथुआ में गल्ला गोदाम पर कथित हमला, मारपीट और लूट के मामले में अदालत के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई एडीजे द्वितीय/डकैती कोर्ट के निर्देश पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला नथुआ निवासी बृजमोहन उर्फ विरजू ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 10 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10:15 बजे वह अपने भाई के साथ घिरोर रोड स्थित गल्ला गोदाम पर बैठे थे। आरोप है कि दो वाहनों से पहुंचे नामजद एवं आठ अज्ञात लोग लाठी-डंडा, सरिया व अन्य हथियारों से लैस होकर गोदाम में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई तथा गल्ले में रखे 45 हजार रुपये लूट लिए गए।
पीड़ित के अनुसार शोर सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे थाने ले जाया गया, जहां से चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। मेडिकल रिपोर्ट में सिर, हाथ, पैर व शरीर पर चोटें दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि तत्कालीन समय में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और उसे ही झूठे मुकदमे में जेल भेज दिया गया।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक नामजद आरोपी ने स्वयं को चिकित्सक बताकर वर्ष 2023 से 2025 के बीच करीब 12.04 लाख रुपये की ठगी की, जिसके बैंक लेनदेन के साक्ष्य उपलब्ध हैं। मामले में पूर्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी गई थी। न्यायालय ने प्रकरण को संज्ञेय मानते हुए थाना जसराना को मुकदमा दर्ज कर विवेचना के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित