हरिद्वार , फरवरी 13 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के राजकीय फार्मेसी अधिकारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार और जिला मंत्री एस. पी. बडोला ने किया।
बैठक में फार्मेसी अधिकारियों ने सेवा संबंधी विसंगतियों के निस्तारण, लंबित बिलों के शीघ्र भुगतान तथा अस्पतालों में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए रिक्त पदों को भरने और नए पद सृजित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में स्टाफ की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि लंबित बिलों और सेवा संबंधी विसंगतियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही पदों में वृद्धि का प्रस्ताव महानिदेशक कार्यालय भेजने पर सहमति बनी, ताकि शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित