हैदराबाद , मार्च 15 -- तेलंगाना में तांडूर से कांग्रेस विधायक बी. मनोहर रेड्डी ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्व बीआरएस विधायक पायलट रोहित रेड्डी को मोइनाबाद स्थित उनके फार्महाउस में आयोजित एक पार्टी के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन करते पकड़ा गया और इस मामले की मुकम्मल जांच होनी चाहिए।

श्री रेड्डी ने गांधी भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि फार्महाउस पार्टी में कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे और दावा किया कि दिल्ली के पूर्व विधायक नमित शर्मा पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी के करीबी सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी तेलंगाना को नशामुक्त राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई के लिए 'ईगल टीम' का गठन किया गया है।

श्री रेड्डी ने आरोप लगाया कि बीआरएस के दस साल के शासनकाल में राज्य नशीले पदार्थों के कारोबार का केन्द्र बन गया था। उन्होंने कहा कि फार्महाउस की घटना कोई मामूली मामला नहीं है, बल्कि इससे एक बड़े नशीले पदार्थों के गिरोह का संकेत मिलता है जिसकी पूरी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार युवाओं को प्रभावित कर रहा है और इसे पूरी तरह समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना से तांडूर के लोगों को शर्मिंदगी महसूस हो रही है और ईगल टीम मामले की जांच जारी रखेगी।

इस बीच, तेलंगाना कांग्रेस के वरिष्ठ आधिकारिक प्रवक्ता डॉ. चरण कौशिक यादव ने बताया कि फार्महाउस मामले में 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और छह लोगों के नशीले पदार्थों का सेवन करने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ अभियान तेज करते हुए ईगल टीम, सात क्षेत्रीय मादक पदार्थ नियंत्रण प्रकोष्ठ और चार विशेष मादक पदार्थ पुलिस थानों की स्थापना की है। उन्होंने बताया कि अब तक 55.8 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है, जबकि वर्ष 2024 में 116.33 करोड़ रुपये और वर्ष 2025 में 172.93 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित