फर्रुखाबाद , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने 54 लेखपालों का एक दिन का वेतन काटने के साथ ही विभिन्न विभागों के 333 कर्मियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जबकि सात जन सेवा केंद्र संचालकों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। सरकारी प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवा ली है। इसके लिए जिले के सभी राजस्व ग्रामों में विशेष अभियान चलाकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि लापरवाही के आरोप में 212 पंचायत सहायकों, 32 पंचायत सचिवों, 57 लेखपालों, 8 कृषि विभाग कर्मियों तथा 24 ग्राम रोजगार सेवकों सहित कुल 333 कर्मियों के विरुद्ध उनके विभागाध्यक्षों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इनमें से 54 लेखपालों का एक दिन का वेतन तत्काल प्रभाव से काटने के आदेश जारी किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त सात जन सेवा केंद्र-विपिन जैन सेवा केंद्र पिपरगांव, भूप सिंह जन सेवा केंद्र पिपरगांव, मुर्शीद राणा जन सेवा केंद्र याकूतगंज, सतगुरु जन सेवा केंद्र मदनपुर, रामू जन सेवा केंद्र त्योर खास, परवेज अहमद जन सेवा केंद्र जरारी और संदीप जन सेवा केंद्र सिरौली-को भी लापरवाही के आरोप में स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधितों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित