जम्मू , मार्च 12 -- जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस की जम्मू प्रांत इकाई ने पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को जम्मू शहर में विरोध मार्च निकाला और घटना की कड़ी निंदा की।
प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता के नेतृत्व में निकाला गया यह मार्च पार्टी के प्रांतीय मुख्यालय शेर-ए-कश्मीर भवन से शुरू होकर शहर के व्यस्त बाजारों से गुजरा। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हमलावर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शन में पार्टी के अतिरिक्त महासचिव अजय साधोत्रा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हमले की निंदा करते हुए बैनर पोस्टर के साथ विरोध जाहिर किया और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
इससे पहले शेर-ए-कश्मीर भवन में एक प्रस्ताव पारित कर हमले की कड़ी निंदा की गई और घटना की विस्तृत जांच की मांग की गई। प्रस्ताव में उस विवाह समारोह स्थल के आसपास स्थानीय पुलिस की अनुपस्थिति की भी जांच कराने की मांग की गई, जहां डॉ. अब्दुल्ला घटना के समय मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित