अलवर , अप्रैल 09 -- राजस्थान में अलवर के खैरथल-तिजारा जिले की मुण्डावर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश जसाई गांव में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग कर फरार हो गए थे। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक यह घटना गत 25 मार्च हुई थी। आरोपियों ने बुलेट मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो में सवार होकर जसाई गांव में एक परिवादी और उसकी फॉर्च्यूनर कार पर फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

लगातार दबिश और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने तीनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में रेवाड़ी जिले के रानोली प्राणपुरा निवासी सचिन जाट (25), मुण्डावर थाना क्षेत्र के जसाई निवासी अजय उर्फ सोनू (21) और महेंद्रगढ़ जिले के बूढ़याल निवासी राकेश उर्फ राकू (26) शामिल हैं।

इस मामले में गैंग का सरगना और हिस्ट्रीशीटर गब्बर पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित