फिरोजपुर , मार्च 21 -- पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने शनिवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ समन्वय करते हुए तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तान स्थित तस्करों ने जीरो लाइन पार की और सीमा बाड़ के बहुत करीब आ गए। वे अंधेरे का फायदा उठाकर नशीले पदार्थों की खेप को भारतीय सीमा के भीतर धकेलने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सतर्क बीएसएफ जवानों ने इस घुसपैठ को रोकने के लिए कई राउंड फायरिंग की, जिसके बाद चलाए गए गहन संयुक्त तलाशी अभियान में यह बरामदगी हुई।

अभियान के विवरण साझा करते हुए एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने कहा कि विश्वसनीय इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों और बीएसएफ फाजिल्का ने शनिवार तड़के एक विशेष 'एम्बुश' (घात) की योजना बनाई। फाजिल्का के गांव महतम नगर के क्षेत्र में एक संयुक्त गुप्त ऑपरेशन चलाया गया, जहाँ पाकिस्तानी तस्करों ने खेप भेजने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि तैनात जवानों ने तुरंत जवाब दिया और तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया तथा मौके से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए।

एआईजी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और स्थानीय तस्करों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना एसएसओसी फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित