श्रीगंगानगर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले के समेजा कोठी थाना क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा के निकट एक खेत में एक पैकेट 760 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।

सूत्रों ने शनिवार को बताया कि चक 4-डीडब्ल्यूएसएम के पास आत्माराम नामक किसान के खेत में आजसुबह फसल की कटायी की जा रही थी। इसी दौरान ही एक पीले रंग का संदिग्ध पैकेट खेत में पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना समीप ही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की त्रिशूल सीमा चौकी पर दी गयी। बीएसएफके अधिकारी और जवान कुछ ही देर में मौके पर आ गये। इस बीच सूचना पाकर समेजा कोठी थाना के प्रभारी पुलिस निरीक्षक कृष्णकुमार भी दलबल सहित मौके पर पहुंचे।

सूत्रों ने बताया कि इसके बाद पुलिस और बीएसएफ ने न केवल आत्माराम के खेत की तलाशी ली, बल्कि आसपास के अन्य खेतों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। बरामद हुई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये बतायी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि समेजा कोठी थाना क्षेत्र में ही चक 41-42 पीएस के बीच शुक्रवार को भी ऐसे ही एक खेत में गेहूं की फसल की कटाई के दौरान एक पैकेट मिला था, जिसमें विदेशी ग्लॉक पिस्तौल बरामद हुआ था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सर्दी के मौसम के दौरान पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के द्वारा भारतीय तस्करों के लिए हेरोइन और विदेशी हथियारों के पैकेट गिराये होंगे। इसी दौरान ही कुछ पैकेट छूट गये, जो अब फसल कटाई के दौरान मिल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित