फर्रुखाबाद , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाली पुलिस ने एक शादी समारोह में अवैध हर्ष फायरिंग के मामले में चार आरोपियों को शस्त्र, कारतूस और दो स्कॉर्पियो वाहनों समेत गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटवन गली स्थित लाला परमानंद धर्मशाला बागीची में गुरुवार देर रात जवाहरगंज निवासी हिंदूवादी नेता प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना की शादी के द्वारचार कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की गई थी। इस दौरान दुल्हन के जीजा गौरव सक्सेना निवासी बाजार कला, थाना शमशाबाद, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के बाद अवैध हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए और कस्बे में ही कहीं छिप गए। सूचना मिलते ही कायमगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की रात लगभग पौने दो बजे थाना क्षेत्र के टेड़ीकोन के समीप मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जालौन जिले के उरई स्थित स्वर्गधाम कॉलोनी निवासी पुरुषोत्तम सक्सेना, थाना एट क्षेत्र के गांव अकैडी निवासी प्रदीप कुमार, उरई के नया पाठकपुर निवासी दीपू सिंह तथा अकनिवा निवासी कुलदीप गौतम शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर रिवॉल्वर, भारी मात्रा में कारतूस, शस्त्र लाइसेंस तथा दो स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित