फर्रुखाबाद , मार्च 5 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को बोलेरो की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जौरा निवासी उमेश चंद्र उर्फ झव्वू कठेरिया (40) अपने पुत्र योगेश (13) और दामाद उदयराज (18) के साथ मोटरसाइकिल से कायमगंज बाजार सब्जी खरीदने जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे जब उनकी मोटरसाइकिल कायमगंज कस्बे में मेहंदियावाली मजार के पास घसिया चिलौली मोड़ की ओर मुड़ी, तभी कंम्पिल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े और अचेत हो गए।
इस दुर्घटना में उमेश चंद्र उर्फ झव्वू कठेरिया की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तत्काल कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उमेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पुत्र योगेश और दामाद उदयराज की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित