फर्रुखाबाद , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाली पुलिस ने तमंचे की नोक पर मोटरसाइकिल सवार महिला से कर्णाभूषण, नकदी और पर्स लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास कचौड़ी की ठेली लगाने वाला दत्तूनगला निवासी शनि अपने साथी कुलदीप निवासी ग्राम मिल्क इलाही अल्लैयापुर, थाना पटियाली, जनपद एटा के साथ शुक्रवार को मोटरसाइकिल से ब्राहिमपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उन्होंने एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार महिला को निशाना बनाया।

मोटरसाइकिल चला रहे शनि के साथ पीछे बैठे कुलदीप ने तमंचे की नोक पर महिला के कर्णकुंडल, 1150 रुपये नकद, पर्स और अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद भागने की कोशिश के दौरान लोगों ने शनि को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी कुलदीप महिला के कुंडल लेकर फरार हो गया।

इस संबंध में अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर घाट निवासी बादी राम पुत्र राजवीर ने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठी बहन से तमंचे की नोक पर लूट की शिकायत कायमगंज कोतवाली में दर्ज कराई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित