फर्रुखाबाद , मई 2 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने सभी खंड विकास अधिकारियों (वीडीओ) का अप्रैल माह का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 60 पंचायत सहायकों को तत्काल प्रभाव से सेवा मुक्त करने का आदेश भी जारी किया गया है। उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देश पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का लाभ दिलाने के लिए जिले में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खंडवार प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर सीडीओ ने यह कार्रवाई की है। जिन 60 पंचायत सहायकों ने 23 जुलाई 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक एक भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बनाई, उन्हें सेवा से मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त कृषि विभाग के 15 कर्मचारियों की प्रगति खराब पाए जाने पर उनका भी अप्रैल माह का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित