फर्रुखाबाद , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद स्थित पुलिस लाइन फतेहगढ़ में रविवार को आयोजित पासिंग आउट दीक्षांत परेड में 470 रिक्रूट आरक्षी उत्तर प्रदेश पुलिस में शामिल हुए। 12 टोलियों में विभाजित इन नवप्रशिक्षित जवानों ने भव्य परेड में हिस्सा लिया। उनके उत्साह, सधे कदमताल और पूर्ण साज-सज्जा ने उपस्थित गणमान्य लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नव आरक्षियों को संबोधित करते हुए बधाई दी और कहा कि एक मजबूत तथा अनुशासित पुलिस बल के लिए कठोर प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।
अपर पुलिस महानिदेशक श्री भगत ने नव आरक्षियों को देश सेवा और संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन सभी प्रशिक्षुओं के लिए गौरव और जिम्मेदारी का प्रतीक है। कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण के बाद अब वे प्रदेश पुलिस को और अधिक सशक्त बनाने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "आपने केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का मार्ग चुना है। यह वर्दी आपको सम्मान देती है, लेकिन उससे कहीं अधिक जिम्मेदारी भी देती है। अब आप कानून, न्याय और समाज की सुरक्षा के प्रतिनिधि हैं।"उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की असली ताकत जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले आरक्षियों पर ही निर्भर करती है। आज कानून-व्यवस्था की चुनौतियां पारंपरिक नहीं रह गई हैं। साइबर अपराध, डिजिटल फ्रॉड, सोशल मीडिया पर अफवाहें और तकनीकी रूप से संगठित अपराध नई चुनौतियों के रूप में सामने हैं, जिनसे निपटने के लिए सतर्कता और दक्षता आवश्यक है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित