फर्रुखाबाद , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पूर्वोत्तर रेलवे के शमशाबाद रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई। जीआरपी थाना सूत्रों के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मझना निवासी राममुरारी (75) आज सुबह लगभग सात बजे किलोमीटर 154/17 पर शमशाबाद स्टेशन के पास रेल लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान कामाख्या से उदयपुर सिटी जा रही 19616 कवि गुरु एक्सप्रेस अचानक आ गई और वह उसकी चपेट में आ गए।

पुलिस के अनुसार मृतक को सुनने में दिक्कत थी। बताया गया है कि वह अपने घर जाने के लिए लाइन पार कर रहे थे, तभी ट्रेन के आ जाने से यह हादसा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित