फर्रुखाबाद , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को चलती एक्सप्रेस ट्रेन से उतरते समय एक अवैध वेंडर की कटकर मौत हो गई।

रेल सूत्रों के अनुसार गोरखपुर से अहमदाबाद जा रही 19410 अहमदाबाद एक्सप्रेस फर्रुखाबाद जंक्शन से रवाना हुई थी। इसी दौरान स्टेशन पर एक स्टॉल पर काम करने वाला करीब 18 वर्षीय रंजीत समोसा बेचने के लिए ट्रेन में सवार हो गया। बताया गया कि जब एक्सप्रेस ट्रेन हरसिंहपुर गोवा स्टेशन के समीप, थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के रेलवे किलोमीटर 143 के पास शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे पहुंची, तभी रंजीत चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगा। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन कासगंज की ओर आगे रवाना हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मऊ दरवाजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित