फर्रुखाबाद , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गंगा एवं रामगंगा नदियों पर स्थित पुलों के चौड़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गंगा और रामगंगा के पुराने पुलों को दो लेन में चौड़ा कर पुनर्निर्मित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के चौड़ीकरण पर लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत आएगी। सांसद ने कहा कि करीब 60 वर्ष पुराने इन पुलों की आयु पूरी हो चुकी है और कम चौड़ाई के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। बेवर-फर्रुखाबाद-बरेली मार्ग को फोरलेन हाईवे के रूप में विकसित किया जा रहा है, ऐसे में पुलों का चौड़ीकरण आवश्यक हो गया था।
उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में बताया कि फर्रुखाबाद के गंगा पांचाल घाट पर लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से स्नानार्थियों की सुविधा के लिए नए घाटों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत फर्रुखाबाद स्टेशन समीपवर्ती ग्राम देवरामपुर तथा कायमगंज स्टेशन के पास दो रेलवे फ्लाईओवर बनाए जाने प्रस्तावित हैं। देवरामपुर-नगला खैरबंद के बीच रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण लगभग 106 करोड़ रुपये की लागत से राज्य सरकार द्वारा शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, जबकि कायमगंज का फ्लाईओवर बाद में शुरू होगा।
सांसद मुकेश राजपूत ने अपने ऊपर आय में 12 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पिछले 30 वर्षों में उनकी व्यक्तिगत आय में कोई वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि आय की बात करनी है तो अन्य नेताओं की भी जांच होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित