फर्रुखाबाद , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र स्थित एक विद्यालय में पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाए जाने के बाद 54 छात्र अचानक बीमार हो गए। घटना से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिद्दीनपुर स्थित जवाहरलाल प्रेम देवी जूनियर हाई स्कूल में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि दिवस के तहत छात्रों को ऐल्बेंडाजोल की गोलियां दी गईं। दवा खाने के कुछ ही देर बाद 54 छात्रों को चक्कर आना, उल्टी और सिर दर्द की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर सभी बच्चों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनीद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद तथा थाना प्रभारी जहानगंज सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल लिया। सरकारी सूत्रों के अनुसार सभी बच्चों की हालत अब स्थिर है और उपचार के बाद वे पूर्णतः स्वस्थ हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित