फर्रुखाबाद , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में उत्तर मध्य रेलवे के ऊगरपुर-नीमकरोरी स्टेशनों के मध्य स्थित रोड अंडर ब्रिज संख्या-74 आगामी छह अप्रैल से मरम्मत कार्य के चलते लगभग 25 दिनों तक आमजन के लिए बंद रहेगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार यह अंडर ब्रिज फर्रुखाबाद-नीमकरोरी रेल खंड में किलोमीटर संख्या 1303/8-9 पर स्थित है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) महेश कुमार ने बताया कि पुल पर वियरिंग कोट का कार्य किया जाना है, जिसके तहत पुराने ढांचे को हटाया जाएगा। इस दौरान आवागमन असुरक्षित हो सकता है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से अंडर ब्रिज को अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय जनता और वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में किलोमीटर संख्या 1302/1-2 पर स्थित रोड अंडर ब्रिज संख्या-7 बीसी (सिरौली मार्ग) का उपयोग किया जा सकता है। रेल प्रशासन ने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कार्य को शीघ्र पूरा कर मार्ग को पुनः चालू करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित