फर्रुखाबाद , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में प्रस्तावित जनगणना-2027 का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। जनगणना दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। प्रथम चरण में मकानों की सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक 30 दिनों में पूरा किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या एवं जाति गणना का कार्य संपादित होगा। आधिकारिक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि जनगणना-2027 का कार्य नवागंतुक जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के निर्देशन में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 19 अप्रैल से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रत्येक प्रगणक एवं सुपरवाइजर को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसे जनपद स्तर पर प्रशिक्षित 64 फील्ड ट्रेनरों द्वारा संपन्न कराया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
फर्रुखाबाद जिले में जनगणना-2027 के लिए कुल 4468 प्रगणक एवं सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इन कार्मिकों को प्रथम चरण के लिए 9,000 रुपये तथा द्वितीय चरण के लिए 16,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इस प्रकार जनगणना कार्य पूर्ण होने पर प्रत्येक प्रगणक एवं सुपरवाइजर को कुल 25,000 रुपये मानदेय प्राप्त होगा। अब तक 2317 प्रगणक एवं सुपरवाइजर को जनपद स्तर पर चयनित 13 प्रशिक्षण स्थलों पर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें मेजर एस.डी. सिंह यूनिवर्सिटी जिले का सबसे बड़ा प्रशिक्षण केंद्र है, जहां प्रतिदिन लगभग 400 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित हो रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा के कारण इन तिथियों में प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित रहेगा। शेष 2151 कार्मिकों को 28 से 30 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित