फर्रुखाबाद , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में आदर्श थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र स्थित कर्बला में अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई है तथा घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र स्थित कर्बला मौला अली नजफ में गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे अज्ञात अराजक तत्वों ने दो कब्रों की तोड़फोड़ कर दी तथा ताजिया-अलम में आग लगा दी। इस घटना में मुस्लिम समुदाय की राखी मेहंदी भी जल गई। कर्बला की देखरेख करने वाले साबिर अली जब सुबह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने तोड़फोड़ और आगजनी देखी, जिसके बाद दरगाह के मुतवल्ली को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना मऊ दरवाजा पुलिस और फतेहगढ़ से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एसडीएम रजनीकांत पांडे, अमृतपुर क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा, मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, तहसीलदार सनी कनौजिया सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि कर्बला में मजार की तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के अनावरण के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थिति सामान्य है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित