धार , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की बाग तहसील में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने एक ठेकेदार के घर पर फिल्मी अंदाज में छापा मारकर करीब 50 तोला सोना और नगदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात लगभग 15 मिनट में अंजाम दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना आज सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर बाग कस्बे के ब्राह्मण मोहल्ला क्षेत्र में हुई। यहां एमपीईबी विभाग से जुड़े ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर एक बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो वाहन से पांच बदमाश पहुंचे। इनमें से दो बदमाश खाकी वर्दी में थे जबकि तीन सिविल ड्रेस में थे। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए छापे की कार्रवाई शुरू करने की बात कही।
बताया गया कि उस समय घर में राजकुमार मालवीय, उनकी पत्नी कृष्णा मालवीय और घर में काम करने वाली एक महिला मौजूद थीं। बदमाशों ने घर में घुसते ही कहा कि उनके पास सूचना है कि ठेकेदार ने काफी अवैध धन जमा किया है और ब्लैक मनी की शिकायत मिली है। इसके बाद उन्होंने बिना किसी आधिकारिक दस्तावेज दिखाए घर के कमरों की तलाशी लेना शुरू कर दिया।
कुछ देर तक तलाशी लेने के बाद आरोपियों ने घर की अलमारी की चाबियां मांगी। शुरुआत में कृष्णा मालवीय ने चाबियां देने से इंकार किया, लेकिन बदमाशों के दबाव और जांच में सहयोग के इरादे से राजकुमार मालवीय ने चाबियां उन्हें दे दीं। अलमारी खोलने के बाद बदमाशों ने उसमें रखे लगभग 50 तोला सोने के जेवरात, ढाई से तीन लाख रुपये की नगदी और एक मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत अपनी स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। पूरी घटना लगभग 15 मिनट के भीतर अंजाम दी गई। आरोपियों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों को आवाज देकर घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर दी है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान और वाहन की जानकारी मिल सके।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक मोबाइल फोन रास्ते में फेंक गए थे। पुलिस के अनुसार उस मोबाइल की लोकेशन घटबोरी रोड के आसपास पाई गई है। पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने वारदात से पहले क्षेत्र की रेकी की थी और उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से इस घटना को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए धार साइबर टीम को भी बाग भेजा गया है। पुलिस मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर आसपास के थानों और पड़ोसी जिलों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कई स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित